करोड़ों भक्तों का भरोसा बचाना जरूरी : होसबोले, पुलिस ने आरोपी अविनाश की कार जब्त की
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबोले ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना ने पूरे समाज की भावनाओं और आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। घटना से रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई। इस घटना से हम सभी बहुत आहत है। होसबोले ने कहा कि चढ़ावा चोरी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। रामभक्तों की भावना को आघात पहुंचा। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। आरएसएस ने कहा है कि राम मंदिर करोड़ों भक्तों के त्याग और समर्पण का केंद्र है। इस तरह की चोरी समाज को आहत करती है, इसलिए भ्रम की स्थिति खत्म कर मंदिर प्रबंधन की कमियों को तुरंत सुधारा जाए। वहीं चढ़ावा चोरी के मुख्य आरोपियों में शामिल अविनाश शुक्ला को पुलिस ने 24 घंटे की रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में अविनाश के घर के बाहर खड़ी एक संदिग्ध कार को जब्त करने और नकदी बरामदगी की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अभियुक्त अविनाश 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर है। अविनाश शुक्ला से सबसे अधिक पैसे बरामद हुए थे। आपको बता दें कि राम मंदिर में दान चोरी से जुड़ी बड़ी खबर मिल रही है। ट्रस्ट के पूर्व कर्मचारी ने बड़ा दावा किया। पूर्व कर्मचारी ने कहा कि 4 लोगों का गैंग चल रहा था। अनुकल्प, लवकुश, करुणेश, अविनाश का गैंग। चारों मिलकर दान चोरी करते थे। हर दिन करीब 10 लाख रुपए की चोरी होती थी।
पांच साल के खातों का दोबारा ऑडिट करेगी एसआईटी
अयोध्या में राम मंदिर में दान के कथित गबन की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के खातों का फिर से ऑडिट करेगा क्योंकि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का संकेत मिला है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि पुन: ऑडिट में निर्माण-संबंधी व्यय के साथ-साथ दान के रूप में प्राप्त आभूषण और सोने तथा चांदी की अन्य वस्तुओं को भी शामिल किया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आए कथित गबन के सबूतों के बाद एसआईटी पूरे पांच साल के ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी।
एक और घटनाक्रम में, अयोध्या पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की। इस मामले में दान की गिनती के काम में शामिल शुक्ला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बृहस्पतिवार को एक स्थानीय अदालत ने उन्हें 24 घंटे की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्ला, जिनके पास इस मामले में अब तक सबसे ज्यादा नकद राशि बरामद हुई है, के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज़ कर दी गई है।
वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए
होसबोले ने दावा किया कि हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने पूरे हिंदू समाज से भी अपील की कि वह इस कठिन समय में धैर्य और संयम बनाए रखें ताकि इस तरह की सभी साजिशों को विफल किया जा सके। होसबोले ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, अयोध्या स्थित श्रीराम लला मंदिर में रखे दानपात्रों से चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे समाज और रामभक्तों की भावनाओं तथा आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा, इस घटना से हम सभी बहुत दुखी और आक्रोशित हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मौजूदा भ्रम और अनिश्चितता की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। होसबोले ने कहा, इस संबंध में हमें अपेक्षा है कि मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल सभी आवश्यक कदम उठाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष तथा करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और ‘बलिदान’ के कारण पूरे हिंदू समाज की श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र है। होसबोले ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत पूरे हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि वह इस अत्यंत निंदनीय घटना को असाधारण मामला मानते हुए मंदिर के प्रबंधन और संचालन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि यह इसलिए बहुत महत्वपूर्ण है, ताकि अयोध्या के राम मंदिर के प्रति करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा अटूट तथा अडिग बनी रहे।
होसबोले ने कहा कि कहा कि श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रहपूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा, हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन के लिए पारदर्शी व्यवस्थाओं और शुद्धता और शुचिता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिंदू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाए रखेगा। होसबोले ने कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिंदू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने का प्रयास कर रही हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी ताकतों की साजिशों को विफल करे।











