लाभ क्षेत्र विकास विभाग की जिम्मेदारी संभाली — सिंचाई प्रबंधन के लंबे अनुभव का राज्य को मिलेगा लाभ
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने जलसंसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा मुख्य अभियंता, जलसंसाधन विभाग, उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र के पद पर कार्यरत प्रकाश बालकृष्ण मिसाल को सचिव, लाभ क्षेत्र विकास, जल संसाधन विभाग, मंत्रालय, मुंबई के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है।
विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं के अनुसार सरकार के इस निर्णय से जलसंसाधन विभाग को लंबे प्रशासनिक अनुभव, तकनीकी कौशल और प्रत्यक्ष परियोजना क्रियान्वयन के व्यापक अनुभव का लाभ मिलेगा। प्रकाश मिसाल ने सिविल इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपना करियर जलसंसाधन विभाग से शुरू किया। कार्यकारी अभियंता के रूप में उन्होंने विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की योजना, क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण और जल प्रबंधन में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके नेतृत्व में कई परियोजनाओं को गति मिली और योजनाबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने की कार्यशैली उन्होंने विकसित की।
पश्चिम महाराष्ट्र में कार्यकारी अभियंता के रूप में काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं को नई दिशा दी। नहरों, वितरण व्यवस्था, सिंचाई क्षमता बढ़ाने और परियोजनाओं की कार्यक्षमता सुधारने के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास आज भी उल्लेखनीय हैं। जलसंसाधनों के अधिक प्रभावी उपयोग और किसानों को सिंचाई का अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए उन्होंने विशेष ध्यान दिया। अधीक्षक अभियंता के रूप में सातारा सिंचाई परियोजना मंडल में कार्यरत रहते हुए उन्होंने कई लंबित परियोजनाओं को गति दी।












