किसानों के खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक जमा : फडणवीस
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। किसानों के लिए खुशी की खबर है, आखिरकार राज्य सरकार की ओर से कर्जमाफी की पहली किस्त वितरित कर दी गई है। 6.22 लाख किसानों के खातों में 5029 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक क्लिक के माध्यम से यह राशि किसानों के ऋण खातों में हस्तांतरित की है। जिन किसानों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, उनके ऋण खातों में राशि सीधे जमा कर दी गई है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। इस बीच इसके बाद अब राज्य सरकार ने सभी बैंकों को निर्देश दिए हैं कि कर्जमुक्ति का लाभ प्राप्त करने वाले पात्र किसानों को तत्काल खरीफ फसल ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को नई खेती के लिए आर्थिक मजबूती मिल सके। पहली सूची में शामिल जिन पात्र किसानों का आधार प्रमाणीकरण अभी तक पूरा नहीं हुआ है, उनका प्रमाणीकरण पूरा होते ही उनके ऋण खातों में भी लाभ की राशि चरणबद्ध तरीके से हस्तांतरित की जाएगी, ऐसी जानकारी इस दौरान दी गई।
इस दौरान बोलते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि, मुझे अत्यंत खुशी है कि हमने अहिल्या देवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना की घोषणा की थी। उसके अंतर्गत पहली सूची घोषित की थी। घोषित की गई सूची सभी ग्राम पंचायतों को भेजी गई। किसानों को सरल तरीके से आधार ऑथेंटिकेशन करना था। कोई आवेदन नहीं। बाकी कुछ नहीं। उनके खाते निल करने का ऐसा काम हाथ में लिया गया था। आज लगभग 5 हजार 29 करोड़ रुपये 6 लाख 2022 किसानों के खातों में लाभ पहुंचा है। ये खाते निल हो गए हैं। एनपीए पर लगाया गया ब्याज था। इसलिए कर्ज अधिक दिखाई दे रहा था। बैंकों ने वह ब्याज रद्द कर दिया, जिससे खाते में मौजूद राशि और सरकार द्वारा जमा की गई राशि समान होने के कारण ये खाते निल हो गए हैं। अब रोज बड़ी संख्या में खाते आएंगे। जैसे-जैसे खाते आएंगे, उन खातों में पैसे आएंगे। 12 लाख खाते बैंकों को वापस भेजे गए। बैंकों ने गलतियां कीं। एक सप्ताह में वे भी सुधारकर वापस भेज देंगे। ये खाते क्लियर होकर उनमें पैसे डाले जाएंगे। फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, पहली सूची में करीब 16 लाख किसानों के नाम थे, जिसे जमीन के सत्यापन के लिए भेजा गया था। आधार प्रमाणीकरण के बाद करीब
किसानों के लिए सिबिल की शर्त नहीं
आधार प्रमाणीकरण का काम तेजी से शुरू है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे-जैसे हमारे पास खाते आएंगे, उसी के अनुसार हम खातों में पैसे जमा करना शुरू करेंगे। एक महीने के भीतर ही कर्जमाफी की प्रक्रिया पूरी होगी। लेकिन पुराना अनुभव यह है कि 80 प्रतिशत काम एक महीने में होता है और 20 प्रतिशत काम में समय लगता है। यह लाखों किसानों की कर्जमाफी का काम है। किसानों को कहीं भी सिबिल की आवश्यकता नहीं होगी। जो अतिरिक्त ब्याज रद्द किया गया है; उसका पूरा पैसा सरकार भर रही है। किसी भी किसान पर सिबिल की शर्त लागू नहीं होगी, ऐसा पुनः मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा। 6.22 लाख किसानों की पहली सूची अंतिम रूप से तैयार हुई और आज उनके बैंक खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा कर दी गई।













