स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़-हरियाणा का जिम्मा, तावड़े को यूपी की कमान
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए पार्टी प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए जिनमें राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई, जबकि पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया। इस फेरबदल के तहत, भाजपा ने अनिल बलूनी को अपने संचार विभाग का समन्वयक बनाया है। इस विभाग में पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया इकाई शामिल हैं। हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ कर्नाटक और श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। सबसे अहम नियुक्तियों में उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को दी गई है। उनके साथ चार नेताओं को सह प्रभारी बनाया गया है। इनमें जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा शामिल हैं।
भाजपा की सूची में कई बड़े राज्यों में भी बदलाव किए गए हैं। मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देव को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा प्रभारी होंगे, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाड़े और कमलजीत सहरावत सह प्रभारी बनाए गए हैं। बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है और संगीता यादव व रोहन गुप्ता को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। गुजरात में तरुण चुग प्रभारी और अजय महावर व गोमती साई सह प्रभारी होंगे। हरियाणा में स्मृति ईरानी को प्रभारी और भोला सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया प्रभारी हैं, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह प्रभारी होंगे। कर्नाटक में हरीश द्विवेदी को प्रभारी और डॉ. कसम वेंकटेश्वरलु को सह प्रभारी बनाया गया है। केरल में प्रो. एम. नागराज प्रभारी और एम. वेंकटेशन सह प्रभारी होंगे। असम में मंगल पांडे प्रभारी बनाए गए हैं, जबकि फांगनोन कोन्याक और मनोज टिग्गा सह प्रभारी होंगे। मणिपुर की जिम्मेदारी डॉ. राजदीप रॉय को दी गई है।














