मुंबई का एक्यूआई 278 तक पहुंचा : भांडुप, अंधेरी और बांद्रा में बढ़ा प्रदूषण : राज्य में नागपुर दूसरे नंबर पर
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र में सोमवार को वायु प्रदूषण में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हाल ही में संपन्न हुई दिवाली की रात भारी आतिशबाजी (पटाखे फोड़ने), शुष्क मौसम, गाड़ियों के धुएं और धूल के कारण राज्य के कई प्रमुख शहरों की हवा ‘खराब’ से ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई है। दिवाली के बाद मुंबई के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता निर्देशांक (एक्यूआई) अचानक काफी बढ़ गया। बांद्रा (खैरवाडी) में सुबह एक्यूआई 264 दर्ज किया गया। वहीं, आतिशबाजी के चरम समय पर नेवी नगर, अंधेरी, मानखुर्द और देवनार जैसे कुछ इलाकों में हवा का स्तर 400 से 480 के भी पार (अत्यंत गंभीर) चला गया था।
पुणे में प्रदूषण की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक रही, जहां दिवाली की रात एक्यूआई 427 के स्तर को पार कर गया। सोमवार को इसमें थोड़ा सुधार हुआ, फिर भी सुबह यह 242 (खराब श्रेणी) के आसपास बना रहा। उधर नागपुर में प्रमुख शहरों के औसत आंकड़ों में नागपुर सबसे प्रदूषित रहा, जहां शुष्क मौसम और हवा न चलने के कारण रविवार रात को एक्यूआई 217 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया था। मुंबई और नागपुर के बीच प्रदूषण के स्तर में काफी कम अंतर रहा। इससे स्पष्ट है कि मुंबई महानगर क्षेत्र के साथ विदर्भ के प्रमुख शहर नागपुर में भी वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पिंपरी-चिंचवड़ के भोसरी इलाके में एक्यूआई 236 तक पहुंच गया, जो इस क्षेत्र में सबसे अधिक रहा। इससे एक बार फिर नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है। प्रदूषण कम करने के लिए अदालत ने सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगाए थे। इसके बावजूद दिवाली के दौरान कई जगहों पर बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की गई। इससे निकले धुएं के कारण शहर की हवा की गुणवत्ता खराब हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली के दिन दोपहर एक बजे मुंबई का एक्यूआई 131 था। पिछले तीन वर्षों की तुलना में यह सबसे कम स्तर था। वर्ष 2025 में दिवाली की दोपहर एक्यूआई 194, वर्ष 2024 में 181 और वर्ष 2023 में 149 दर्ज किया गया था। हालांकि, रात में पटाखे फोड़े जाने के बाद हवा में प्रदूषण बढ़ गया और रात 10 बजे औसत एक्यूआई 278 तक पहुंच गया। मुंबई के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। भांडुप पश्चिम में सबसे अधिक 276 एक्यूआई दर्ज किया गया। (पेज 6 पर)
पटाखों, वाहनों और निर्माण कार्यों से भी बढ़ा प्रदूषण
दिवाली के अगले दिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई का औसत एक्यूआई 171 दर्ज किया गया। यह पिछले साल दिवाली के अगले दिन दर्ज 134 एक्यूआई से करीब 28 प्रतिशत अधिक था। मुंबई के 8 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 200 के पार पहुंच गया। बांद्रा ईस्ट में 265, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 232, सेवरी में 229 और देवनार में 228 एक्यूआई दर्ज किया गया। घाटकोपर में यह स्तर 221 और चेंबूर में 215 रहा। उपराजधानी में भी स्थिति चिंताजनक रही। 8 नवंबर को रात 9 बजे यहां एक्यूआई 217 दर्ज किया गया। इसी दौरान पिंपरी-चिंचवड़ में 197, नाशिक में 177, पुणे में 161, नवी मुंबई में 150 और मुंबई में 130 एक्यूआई दर्ज किया गया।

















