64.80 लाख का माल जब्त, ट्रक मालिक, चालक-क्लीनर समेत सात लोगों पर मामला दर्ज
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर अपराध शाखा के भूमाफिया विरोधी दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर नवीन कामठी थाना क्षेत्र के गादा-नेरी रोड स्थित हनी डेयरी फार्म पर रविवार तड़के छापा मारकर 76 गोवंशों को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार, इन गोवंशों को कथित तौर पर अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो 10 पहिया ट्रक, दोपहिया वाहन, गोवंशों को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई नायलॉन रस्सियां और अन्य सामान समेत कुल 64.80 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3.50 बजे भूमाफिया विरोधी दस्ते को सूचना मिली थी कि गादा शिवार स्थित हनी डेयरी फार्म में गोवंशों को अवैध रूप से बाहर ले जाने की तैयारी चल रही है। पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात के नेतृत्व में दस्ते ने तत्काल मौके पर छापा मारा। छापे के दौरान टाटा ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीबी-7517 में 21 और ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीटी-4076 में 26 गोवंश मिले। दोनों ट्रकों से कुल 47 गोवंश बरामद किए गए। इसके अलावा फार्म परिसर से 29 गोवंश और मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 76 गोवंशों को मुक्त कराया।
इस मामले में हनी डेयरी फार्म के मालिक मोहम्मद आसिम के अलावा दोनों ट्रकों के मालिक, चालक और क्लीनर समेत सात लोगों के खिलाफ नवीन कामठी थाने में महाराष्ट्र प्राणी सुरक्षा अधिनियम और पशुओं के प्रति क्रूरता रोकथाम अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, क्राइम ब्रांच के उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और एसीपी अपराध वैभव जाधव के मार्गदर्शन में दस्ते की पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात, पुलिस निरीक्षक प्रशांत ठाकरे तथा भूमाफिया विरोधी दस्ते और अपराध शाखा के पुलिसकर्मियों हवलदार सारंग बालपांडे, भागवत वानखेड़े, महेश सेलोकर, प्रमोद पिंपलीकर, अमर गणवीर, विवेक लांबे, शेख इमरान और सुभान गलाकाटू ने की।













