धर्मादाय आयुक्त को लिखित शिकायत
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। देशभर के विभिन्न मंदिरों से दान की चोरी की शिकायतें आ रही हैं, वहीं अब नागपुर के दीक्षाभूमि में दान राशि के दुरुपयोग के संबंध में नागपुर चैरिटी कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। पता चला है कि विलास गजघाटे ने यह शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दान पेटी सबके सामने नहीं खोली गई, दान के रूप में प्राप्त राशि का खुलासा नहीं किया गया, धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस समारोह के लिए कार्य बिना निविदा के वितरित किए गए और सामग्री की खरीद में अनियमितताएं पाई गईं। कुल मिलाकर, इस शिकायत से एक नया विवाद खड़ा होने की संभावना है और इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
देश और दुनिया भर से लोग नागपुर स्थित दीक्षाभूमि दर्शन के लिए आते हैं, जो बाबासाहेव आंबेडकर के पांच पवित्र स्थलों में से एक है। हर साल धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर लाखों अनुयायी दीक्षाभूमि में आते हैं। 1956 में महान व्यक्तित्व डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने इसी स्थान पर बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी। तब से, विजयदशमी को दीक्षाभूमि में धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर, सैकड़ों आंबेडकर अनुयायी बाबासाहेब आंबेडकर के अस्थि कलश के दर्शन करते हैं और बौद्ध धर्म की दीक्षा लेते हैं। बाबासाहेब आंबेडकर के अस्थि कलश के दर्शन करके बौद्ध धर्म की दीक्षा लेने की परंपरा है। आंबेडकर अनुयायी दीक्षाभूमि को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं। इसलिए, देश भर से लाखों लोग नियमित रूप से दीक्षाभूमि दर्शन के लिए आते हैं।













