जेवलिन में यशवीर को रजत, रोहित को कांस्य श्रीशंकर, गुलवीर और ईशा ने भी जीती चांदी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागोया। भारत को एशियाई खेलों के 9वें दिन 8 मेडल मिले। यशवीर सिंह ने जेवलिन थ्रो में 85.72 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ रजत और रोहित यादव ने 84.35 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले श्रीशंकर मुरली ने लॉन्ग जंप में 8.07 मीटर की जंप के साथ रजत अपने नाम किया। गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर में 3 मिनट 36.72 सेकेंड के समय के साथ रजत जीता। सोमवार को ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में सिल्वर हासिल किया। फाइनल में ईशा और चीन की जियाओ जियारुझुआन के 38-38 पॉइंट रहे।
इसके बाद शूटआउट हुआ, जिसमें जियाओ ने जीत दर्ज की। ईशा ने 580 अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। वहीं पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर रेस में 15 मिनट 14.61 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता, विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स में 54.75 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पर कब्जा जमाया। उन्होंने पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा। उषा ने 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 55.42 सेकेंड का समय निकाला था। अनू राघवन 55.88 सेकेंड के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और पिंकी बल्हारा ने कुराश के 78 किग्रा वर्ग में कांस्य जीता।














