दोनों एनसीपी के विलय की अटकलों को शरद पवार ने किया खारिज
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को अपनी पार्टी के सत्ता पक्ष के साथ जाने की अटकलों को खारिज कर दिया। मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि उनकी पार्टी कहीं नहीं जा रही है और किसी के साथ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा, हम कहीं नहीं जा रहे हैं। हम किसी के साथ नहीं जाएंगे। अगर आप आना चाहते हैं तो हमारे साथ आइए। शरद पवार के बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में राकांपा के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चा फिर शुरू हो गई है। एनसीपी (एसपी) महा विकास आघाड़ी का हिस्सा है, जिसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस भी शामिल हैं। वहीं, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र की महायुति सरकार का हिस्सा है। दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलें समय-समय पर सामने आती रही हैं। एनसीपी (एसपी) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बाद में पत्रकारों से कहा कि शरद पवार ने पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है। उनके मुताबिक, एकीकरण तभी संभव है जब महायुति सरकार का हिस्सा दूसरा गुट एनसीपी (एसपी) में विलय करे।
सूखे को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने की चेतावनी
बैठक में शरद पवार ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार से टकराव नहीं चाहती और पहले किसानों के लिए राहत की मांग करेगी।













