वरोरा के चिवड़ा सेंटर में छिपकली मिलने की सूचना
लोकवाहिनी संवाददाता
चंद्रपुर। वरोरा शहर के बस स्टैंड रोड स्थित एक चिवड़ा सेंटर से चिवड़ा खाने के बाद सात लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सोमवार दोपहर सामने आया। संबंधित चिवड़े में छिपकली मिलने की बात सामने आई है। विषबाधा की आशंका के चलते सभी सात लोगों को तत्काल वरोरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। यह घटना बस स्टैंड रोड पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के पास स्थित मनोज चिवड़ा सेंटर में हुई।
बताया गया कि यहां से चिवड़ा खाने के बाद कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस होने लगी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दूषित चिवड़ा खाने से विषबाधा होने की आशंका जताई जा रही है। विषबाधित लोगों में सुवर्णा प्रवीण कोहले (45), प्रवीण शालीकराम कोहले (50), पंकज दिगंबर आवारी (40), दिगंबर विठ्ठलजी आवारी, अफजल रफीक अहमदखान, शेख रहमान और आयुष सागीर खान शामिल हैं। इनमें से सुवर्णा और प्रवीण कोहले माजरी, पंकज व दिगंबर आवारी रालेगांव, अफजल रफीक अहमदखान भद्रावती/कोगांव, शेख रहमान कोरेगांव तथा आयुष सागीर खान भद्रावती के निवासी बताए गए हैं।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर उठे सवाल
बस स्टैंड रोड स्थित यह क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है। यहां विद्यार्थियों, यात्रियों और नागरिकों की लगातार आवाजाही होती है। ऐसे में खाद्य पदार्थ में छिपकली मिलने की सूचना से नागरिकों में चिंता का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की ओर से मामले का संज्ञान लिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई थी। नागरिकों ने संबंधित दुकान में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता की जांच कराने तथा जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।












