8 पशुओं की मौत, 27.95 लाख का माल जब्त सिहोरा फाटे के पास नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। नागपुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने कन्हान थाना अंतर्गत अभियान चलाते हुए अवैध रूप से गौवंश की ढुलाई कर रहे एक बारह पहिया टाटा ट्रक को जब्त किया। पुलिस ने पाया कि ट्रक में कुल 25 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर क्रूर तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि दम घुटने से 8 मवेशियों की मौत हो गई। क्राइम ब्रांच पुलिस द्वारा दी गई
जानकारी के अनुसार, सोमवार को रात लगभग 10:45 बजे स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक स्नेहल राउत की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एमएच-34-एबी-9358 क्र. के बारह पहियों वाले टाटा ट्रक में मवेशियों की अवैध रूप से ढुलाई की जा रही है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 44 होते हुए गौडेगांव रोड से नागपुर की ओर जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों के साथ मिलकर कन्हान थाना के अंतर्गत सिहोरा फाटे के पास नाकाबंदी कर ली। इसी दौरान पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध ट्रक को देखा, चालक ने वाहन रोक दिया और वहां से भाग गया। पुलिस ने चालक का पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई।
पंचों की उपस्थिति में पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर पिछले भाग में 25 गायें रस्सियों से कसकर बंधी हुई मिलीं। इनमें से 8 गायें ट्रक में ही मृत पाई गईं। बताया गया है कि जीवित पशुओं में कुल 17 मवेशी शामिल हैं, जिनमें 14 बड़े बैल और 3 बछड़े हैं। जीवित मवेशियों का अनुमानित मूल्य 2 लाख 95 हजार रुपये है, जबकि ट्रक का अनुमानित मूल्य 25 लाख रुपये है। पुलिस ने कुल 27 लाख 95 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। इस मामले में, कन्हान थाने में ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1995 और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के मार्गदर्शन में सपुनि स्नेहल राउत, सपुनि विजय चन्नौर, हवलदार उमेश फुलबेल, किशोर वानखेड़े, रोहन डाखोरे, सिपाही अमित मेहरे और अन्य कर्मचारियों ने की।













