असम के काजीरंगा में हादसा, 20 घायल
लोकवाहिनी, संवाददाता
काजीरंगा। असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 24 लोगों की मौत हो गई तथा 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं थीं। उन्होंने कहा कि उनमें से कई कॉलेज के छात्र थे, जो कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली चाय बगान के पास रंगजान में बस की ट्रक से टक्कर हो गई। गोलाघाट जिले के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने संवाददाताओं से कहा, हादसे में मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
नई जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने 24 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। अधिकारी ने कहा, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले से ही नौ एम्बुलेंस तैनात हैं। यहां के डॉक्टरों ने 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा है। इससे पहले, गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहत एवं बचाव अभियान में जुटे लोगों की मदद के लिए सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि बस में सवार लोगों की सही संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है। असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अधिकतर लोगों को बोकाखाट और गोलाघाट के सरकारी अस्पतालों तथा जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
उन्होंने कहा, उद्यान के पास लागू गति प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए बस बहुत तेज गति से जा रही थी। हमारा मानना है कि यह दुर्घटना तब हुई, जब मिनीबस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह कंटेनर ट्रक से जा टकराई। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि काजीरंगा में हुए इस हादसे से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा, इस हादसे में हुए भारी नुकसान से हम सभी दुखी हैं और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें यह बताना चाहता हूं कि ये अकेले नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सबसे पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। गोलाघाट जिला प्रशासन के अधिकारी ने कहा कि हादसा कैसे हुआ और क्या दोनों या किसी एक वाहन ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी।
















