अगवा कर युवक को बेरहमी से पीटा, मेडिकल में मौत
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार की तलाश जारी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेन-देन का विवाद इतना खूनी हो गया कि पांच आरोपियों ने मिलकर 30 वर्षीय युवक का अपहरण कर उसको बेरहमी से पिटाई की और आखिरकार उसकी जान ले ली। आरोपियों ने युवक को उसके ही कार्यालय से जबरन उठाया और घंटों तक बंधक बनाकर मारपीट की। गंभीर हालत में उसे पांजरी टोल नाके के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बाद में दोबारा उसी रास्ते से लौटने पर युवक बेहोशी की हालत में मिला तो आरोपी उसे मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच में अपहरण और बेरहमी से मारपीट कर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
मृतक एसआरए कॉलोनी, उप्पलवाड़ी निवासी शुभम लक्ष्मण कारोमोरे (30) मूल रूप से तुमसर, जिला भंडारा का रहने वाला था। शुभम नौकरी दिलाने, इंश्योरेंस और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने से संबंधित एजेंट का काम करता था। दिघोरी रोड पर माऊली डेयरी के पीछे डीजी लोन नाम से उसका कार्यालय था। शुभम ने नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से 30 हजार रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर युवती ने इस बात की जानकारी अपने मुंहबोले भाई को दी। इसी पैसों के विवाद को लेकर आरोपियों और शुभम के बीच तनाव शुरू हुआ। 17 नवंबर को सुबह करीब 10.15 बजे शुभम ने अपने दोस्त रोशन अरुण कापसे (26) को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का काम होने की बात कहकर अपने कार्यालय बुलाया। वहां आरोपी सचिन हाइके, सुधांशु पाटिल, श्रवण गणवीर, नकुल और उनके एक अन्य साथी ने दोनों को कार्यालय के अंदर खींच लिया। आरोपियों ने शुभम और रोशन के साथ मारपीट की। उनके मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी भी जबरन छीन ली। आरोपियों ने शुभम से 30 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, शुभम के माता-पिता को फोन कर पैसे नहीं मिलने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शुभम को कार्यालय में बंधक बनाकर रखा और उसके दोस्त रोशन को अपने साथ एक बार में ले जाकर पैसों की मांग की। आरोपियों ने रोशन के एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपये निकलवाए और डीजी लोन कार्यालय के स्कैनर पर दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए भी मजबूर किया।
रात करीब 9.45 बजे आरोपियों ने रोशन को परिवार समेत जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। डर के कारण रोशन घर चला गया। इधर, शुभम आरोपियों के कब्जे में ही था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शुभम को कार में बैठाकर पांजरी टोल नाके की दिशा में ले जाते हुए भी उसके साथ मारपीट जारी रखी। लगातार पिटाई से शुभम बेहोश हो गया और आरोपियों ने उसे टोल नाके के पास छोड़ दिया। कुछ समय बाद आरोपी उसी रास्ते से लौटे तो शुभम उन्हें बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इसके बाद वे उसे कार में डालकर मेडिकल अस्पताल ले गए। 18 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया।
इधर, 18 नवंबर को सुबह रोशन शुभम के घर पहुंचा तो परिजनों ने उसे बताया कि शुभम को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद पूरे मामले की गंभीरता सामने आई। शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन पूछताछ और घटनाक्रम की जांच में अपहरण, बंधक बनाने, जबरन वसूली और मारपीट के तथ्य सामने आने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने अलंकार नगर, बेसा चौक निवासी श्रवण नरेश गणवीर (21) तथा लॉंन्चामार्च चौक, इमामवाड़ा निवासी सुधांशु राकेश पाटिल (24) को गिरफ्तार किया है। वहीं सचिन हाइके, नकुल और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
















