नागपुर। शहर के अजनी चौक पर लगने वाला जाम और सड़कों पर अवैध पार्किंग अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। रविवार सुबह चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार आपली बस ने राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बस की महिला परिचालक घायल हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नागपुर शहर का अजनी चौराहा बेहद व्यस्त और प्रमुख चौराहों में से एक है। लेकिन यहां रोजाना लगने वाला जाम अब नासूर बनता जा रहा है। सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और अब यह समस्या लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगी है।
रविवार सुबह चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार आपली बस ने सड़क पर चल रहे एक राहगीर को कुचल दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर मेट्रो स्टेशन के पिलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार महिला परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गई।
















