लोकवाहिनी, संवाददाता
कामठी। भारत-जापान मैत्री के प्रतीक कामठी स्थित ड्रैगन पैलेस टेम्पल के 27वें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह में पहले दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कामठी मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘ड्रैगन पैलेस टेम्पल मेट्रो स्टेशन’ करने की घोषणा की। इस निर्णय से ड्रैगन पैलेस टेम्पल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। समारोह में जापान से आए भिक्खु संघ के 30 भंते तथा विश्वभर के 5 हजार विहारों के प्रमुख 90 वर्षीय मोशी दासान विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों और गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता दर्शाई। मैडम ओगावा और एड. सुलेखा कुंभारे द्वारा स्थापित ड्रैगन पैलेस टेम्पल आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध बौद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीक्षाभूमि, शांति वन और ड्रैगन पैलेस टेम्पल इन तीनों ऐतिहासिक स्थलों का अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकास करने के लिए महाराष्ट्र सरकार प्रयासरत है। शांति वन में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का संरक्षण किया गया है। इन स्थलों के विकास के लिए राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे के माध्यम से आवश्यक भूमि भी उपलब्ध कराई गई है। ड्रैगन पैलेस टेम्पल में प्रतिवर्ष लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवा का विस्तार सीधे ड्रैगन पैलेस तक किया गया है।
अब मेट्रो स्टेशन को ड्रैगन पैलेस के नाम से पहचान देने की घोषणा से इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान और अधिक व्यापक होगी। साथ ही भारत-जापान मैत्री और बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार ‘सेवन वंडर्स ऑफ बुद्धिस्ट वर्ल्ड अंडर वन अम्ब्रेला’ परियोजना के लिए पूरा सहयोग और धन उपलब्ध कराएगी। इसके तहत जापान, थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार और वियतनाम सहित 7 बौद्ध देशों की वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि पवित्र दीक्षाभूमि की तरह ही ड्रैगन पैलेस टेम्पल ने नागपुर को विश्व मानचित्र पर पहचान दिलाई है। फडणवीस ने जापानी भाषा में बोलकर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का कामठी में स्वागत
कामठी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कामठी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से उनका स्वागत किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष अजय अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों, नगरसेवकों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वागत के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विशेष तैयारियां की थीं। बड़ी संख्या में नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कामठी शहर के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
















