नागपुर। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, अनुसंधान और खेती के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित मध्य भारत का सबसे बड़ा कृषि प्रदर्शन ‘एग्रोविजन-2026’ और जल परिषद का भव्य उद्घाटन शुक्रवार, 27 नवंबर को होगा। अमरावती रोड स्थित राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के मैदान पर सुबह 10.30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया है। केंद्रीय मंत्री तथा एग्रोविजन के मुख्य प्रवर्तक नितिन गडकरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठोड के हाथों जल परिषद का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यमंत्री पंकज भोयर और आशीष जायसवाल के साथ ही आईसीआरआईसैट के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक, कृषि विश्वविद्यालयों के कुलगुरु उपस्थित रहेंगे।
सूखे से निपटने के लिए विशेष मार्गदर्शन
इस वर्ष एग्रोविजन की केंद्रीय थीम ‘सूखे से मुकाबला : जल प्रबंधन और फसल नियोजन’ रखी गई है। चार दिवसीय इस कृषि महोत्सव में जल प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल नियोजन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित आधुनिक कृषि तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कम पानी में अधिक उत्पादन कैसे प्राप्त किया जाए, उपलब्ध जल संसाधनों का प्रभावी उपयोग किस तरह किया जाए और बदलते मौसम के अनुसार खेती की योजना कैसे बनाई जाए, इन विषयों पर कृषि विशेषज्ञ किसानों को मार्गदर्शन देंगे।
विभिन्न विषयों पर होंगी कार्यशालाएं
27 से 30 नवंबर तक कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें कृषि क्षेत्र के स्टार्टअप, सूचना प्रौद्योगिकी, सूखे की स्थिति में पशुपालन, चारा प्रबंधन, बायोचार, जैविक घटकों के माध्यम से मिट्टी में कार्बन सुधार, एआई आधारित गन्ना उत्पादन, मत्स्य पालन, किसान उत्पादक कंपनियां (FPO) और संतरा बागानों के नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन कार्यशालाओं में पशुपालन मंत्री पंकजा मुंडे, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे और मत्स्य व्यवसाय मंत्री नीतेश राणे की विशेष उपस्थिति रहेगी।
30 नवंबर को होगा समापन समारोह
राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शन 27 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक किसानों और आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि उपकरण, नई तकनीक, कृषि अनुसंधान, खेती की आधुनिक पद्धतियों और कृषि आधारित व्यवसायों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और नई तकनीकों को समझने का अवसर भी मिलेगा। सोमवार, 30 नवंबर को दोपहर 4 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इस अवसर पर रोजगार गारंटी योजना मंत्री भरत गोगावले और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सी. डी. मायी, रमेश मानकर और समिति के सदस्यों ने किसानों से चार दिवसीय कृषि महोत्सव में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एग्रोविजन किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, अनुसंधान, नई खेती पद्धतियों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण मंच है। किसान इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी खेतों को अधिक लाभदायक और आधुनिक बना सकते हैं। पत्रकार परिषद में एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सी. डी. मायी, रमेश मानकर, डॉ. शरद गडाख, डॉ. विलास खर्चे, डॉ. इंद्रमणि मिश्रा, डॉ. एन. जी. पाटिल, डॉ. वी. एन. वाघमारे, डॉ. एस. के. शुक्ला, एम. जी. शेंबेकर, कैप्टन डॉ. एल. बी. कलंत्री, रीना सिन्हा, शिरीष भगत, सुधीर दिवे, आनंदराव राठव, मिलिंद टिचकुले, प्रशांत कुकडे, प्रशांत कासाडे, श्रीधर ठाकरे, विजय जाधव, डॉ. पिनाक दंदे, डॉ. सुनील सहातपुरे, माधव कोटस्थाने, डॉ. के. डी. ठाकूर, नितीन कुलकर्णी, डॉ. हितेंद्र सिंह, मारेश्वर वानखेड़े, दिनेश ठाकरे, दिनेश सूर्यवंशी, राकेश मानकर, किरण पातुरकर, मनोज जयस्वाल, समय बन्सोड, डॉ. प्रकाश कडू और नरेंद्र जीवतोडे उपस्थित थे।


















