नागपुर, संवाददाता:महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र नज़दीक है और इसके चलते नागपुर में 28 नवंबर से विधानसभा सचिवालय का कामकाज शुरू होने जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विधान भवन में शुक्रवार को तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। महाराष्ट्र विधानसभा के सचिव डॉ. विलास आठवले ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों को समय पर और सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डॉ. विलास आठवले, शिवदर्शन सत्य, विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, जिला कलेक्टर डॉ. विपिन इटणकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।डॉ. आठवले ने बताया कि शीतकालीन सत्र के दौरान पीठासीन अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए रवि भवन, नाग भवन और विधायक निवास में आवास की व्यवस्था की गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिया गया है कि आवास संबंधी सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य प्रतिनिधि एवं प्रतिनिधि को मंत्री और राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है, इसलिए उनके कार्यालयों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
नगर निगम और अन्य विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक में यह सुझाव दिया गया कि नगर निगम सहित सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए है जिनमें, क्षेत्र की साफ-सफाई, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को सुनिश्चित करें, ताकि सत्र के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। नागपुर में शीतकालीन सत्र की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच रही हैं और 28 नवंबर से सचिवालय के कामकाज के साथ इसकी आधिकारिक शुरुआत हो जाएगी।











