लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मंत्री माणिकराव कोकाटे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। उन्होंने इस्तीफा पत्र मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंप दिया। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए इसे राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भेज दिया। इस तरह से धोखाधड़ी के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद कोकाटे की मंत्री पद से आधिकारिक रूप से छुट्टी हो गई।
पुलिस ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अब किसी भी क्षण उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। कोकाटे फिलहाल लीलावती अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। हालांकि, नासिक पुलिस की एक टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए मुंबई रवाना हो चुकी है। इसलिए, उनकी गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी फ्लैट का लाभ उठाने के मामले में माणिकराव कोकाटे को दो साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। निचली अदालत द्वारा सुनाई गई दो साल की सजा को सत्र न्यायालय ने बरकरार रखा। इसके बाद कोकाटे के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
अजित पवार ने सोशल साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और मेरी पार्टी के साथी माणिकराव कोकाटे ने कोर्ट के फैसले के बाद मुझे अपना इस्तीफा दे दिया है। हमारी पार्टी की लंबे समय से चली आ रही सोच के अनुसार कि कानून का राज सबसे ऊपर है और सभी लोगों से ऊपर है, इस्तीफा सिद्धांततः स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने कोकाटे का इस्तीफा संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार, उचित विचार और स्वीकृति के लिए सीएम को भेज दिया। हमारी पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि सार्वजनिक जीवन संवैधानिक नैतिकता, संस्थागत ईमानदारी और न्यायपालिका के सम्मान से चलना चाहिए। हम कानून के राज के साथ मजबूती से खड़े हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के भरोसे को बनाए रखने वाले तरीके से काम करते रहेंगे।











