पुणे/मुंबई। महाराष्ट्र के दिवंगत डिप्टी सीएम अजीत पवार की पार्टी ने उत्तराधिकारी के तौर पर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार का नाम आगे किया है। एनसीपी (NCP) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और पार्टी के दिग्गज नेता छगन भुजबल के अनुसार, भाजपा को सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव सौंपा जाएगा।
सुनेत्रा पवार अभी राज्यसभा की सांसद हैं। अगर वह डिप्टी सीएम बनती हैं, तो वह अजीत पवार की बारामती सीट से लड़कर विधायक बन जाएंगी। एनसीपी के दोनों नेताओं ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात में उनसे डिप्टी सीएम बनने का आग्रह किया। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महाराष्ट्र विधानसभा में 41 विधायक हैं। इस बीच गुरुवार को उनकी पार्टी के नेताओं ने सुनीता पवार को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग उठाई है। इसी बीच विपक्षी एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने संकेत दिए कि वह दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के विलय की बातचीत को आगे बढ़ाने के खिलाफ नहीं हैं।












