नागपुर। वानाडोंगरी क्षेत्र में परिवार की ओर से शादी की अनुमति नहीं मिलने पर एक प्रेमी युगल द्वारा ज़हरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। इस घटना में 21 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान विशाल विलास जवादे (21) निवासी वानाडोंगरी के रूप में हुई है। वह सीजन के दौरान मंडप डेकोरेशन का काम करता था और अन्य समय ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। विशाल का उसी क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय युवती से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे और इस संबंध में अपने-अपने परिवारों से बात भी की थी। जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों ने इस विवाह का विरोध किया। रविवार को इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच चर्चा के दौरान विवाद भी हुआ। परिवारों के विरोध से आहत होकर सोमवार दोपहर करीब दो बजे दोनों संगम गांव मार्ग के पास स्थित एक मैदान में पहुंचे और साथ लाया ज़हरीला पदार्थ पी लिया। बताया जा रहा है कि विशाल ने ज़हर अधिक मात्रा में पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने दोनों को तड़पते देखा और तत्काल वानाडोंगरी स्थित शालिनीताई मेघे अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान सोमवार रात करीब 11 बजे विशाल ने दम तोड़ दिया, जबकि युवती का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। विशाल की मौत की खबर मिलते ही उसके कई ऑटो चालक साथी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने युवती के घर जाने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी गोकुल महाजन और अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।














