शव के साथ बच्चों को लेकर रातभर घूमता रहा पति | थाने पहुंचकर किया सरेंडर
लोकवाहिनी संवाददाता
अकोला/वाशिम। महाराष्ट्र के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तीन मासूम बच्चों को कार में सुलाकर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह पत्नी का शव कार में रखकर बच्चों के साथ पूरी रात घूमता रहा। मंगलवार तड़के आरोपी खुद वाशिम जिले के कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर हत्या की जानकारी दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कलवर्धा निवासी सलमान खान नेक मोहम्मद खान (30) अपनी पत्नी हसीनबानो (28) और तीन छोटे बच्चों के साथ कार से यात्रा पर निकला था।
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कारंजा क्षेत्र के पास देर रात उसने कार सड़क किनारे रोक दी। उस समय तीनों बच्चे गहरी नींद में थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोपी है कि गुस्से में सलमान ने कार में रखी लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी जब पत्नी की सांस चल रही थी, तो उसने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी का शव कार में ही रखा और बच्चों के साथ कई घंटे तक समृद्धि एक्सप्रेसवे और कारंजा शहर के आसपास घूमता रहा। मंगलवार सुबह वह सीधे कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है तथा शव कार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार की तलाशी ली और महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजला अस्पताल भेज दिया।
चरित्र पर शक बना हत्या की वजह?
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने यह वारदात की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है, इसलिए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कार से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद हत्या की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल कारंजा शहर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।













