हरमनप्रीत कौर, सोलर ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल समेत कई हस्तियों को राष्ट्रपति ने दिया सम्मान
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। इस साल जनवरी में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों की घोषणा हुई थी। राष्ट्रपति ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी, इनमें से 66 हस्तियों को आज सम्मानित किया जा रहा है। इस साल की सूची के मुताबिक कुल पांच लोगों को पद्म विभूषण, 13 विभूतियों को पद्म भूषण और 113 लोगों को पद्म श्री से नवाजा जाएगा। पद्म विभूषण सम्मान 2026 में सबसे पहले दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (मरणोपरांत) को प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री से नवाजा गया। उनकी नेतृत्व क्षमता में भारतीय टीम ने इस वर्ष वनडे वर्ल्ड कप जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।
सोलर ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल को रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी क्रम में पुदुचेरी के सिलंबम खिलाड़ी के. पजनीवेल को पारंपरिक मार्शल आर्ट को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा, यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष ममिडाला जगदीश कुमार को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला और विज्ञापन क्षेत्र में योगदान के लिए पीयूष पाण्डेय को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया। उनकी पत्नी नीता जोशी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। राष्ट्रपति ने अरुणाचल प्रदेश के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता तेची गुबिन को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार कैलाश चंद्र पंत को देश भर में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किया गया। कला, समाज सेवा, सार्वजनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान सहित कई क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाली हस्तियों को हर वर्ष पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। पद्म विभूषण असाधारण सेवा, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए है। पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस पर होती है।
महाराष्ट्र को 1 पद्मविभूषण, 3 पद्मभूषण और 11 पद्मश्री
महाराष्ट्र से पद्मश्री पाने वालों की सूची में भारतीय क्रिकेट के हिटमैन रोहित शर्मा और बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता-निर्देशक आर. माधवन का नाम शामिल है। वहीं, लोककला और कृषि क्षेत्र के नायकों को भी उचित सम्मान मिला है। तमाशा सम्राट रघुवीर खेड़कर और पालघर के मशहूर तारपा वादक भिकल्या लाडक्या घिडा ने महाराष्ट्र की मिट्टी की खुशबू को दिल्ली तक पहुंचाया है। चिकित्सा क्षेत्र में अर्मिडा फर्नाडिस को नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए किए गए उनके महान कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अशोक खाडे और सत्यनारायण नुवाल जैसे दिग्गजों ने व्यापार के क्षेत्र में महाराष्ट्र का मान बढ़ाया है। इसके अलावा, विज्ञान के क्षेत्र में जुबेर वासी, कृषि में श्रीरंग देवबा लाड, समाजकार्य में जनार्दन बापूराव बोथे और मनोरंजन जगत से सतीश शाह (मरणोत्तर) को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। यह सूची दर्शाती है कि महाराष्ट्र न केवल देश की आर्थिक राजधानी है, बल्कि कला, संस्कृति और सेवा के क्षेत्र में भी देश का नेतृत्व कर रहा है।












