लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक एसयूवी वाहन के खाई में गिर जाने से आठ दोस्तों की मौत हो गई जो एक साथ घूमने के लिए निकले थे। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसा रविवार तड़के पांच से छह बजे के बीच पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर अंबेनी घाट इलाके में हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग दापोली से सातारा जा रहे थे। वाहन सोमवार सुबह खाई में गिरा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि ये लोग दापोली के हर्णे से शनिवार रात करीब दो बजे एसयूवी में रवाना हुए थे और जब वे सातारा नहीं पहुंचे तो उनके परिजनों ने रविवार दोपहर में उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पीड़ितों की अंतिम लोकेशन पोलादपुर के पास एक मोबाइल टावर के जरिये पता चली।
पुलिस को सोमवार सुबह अंबेनी घाट इलाके में तलाश के दौरान एसयूवी गहरी खाई में दिखाई दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि चालक ने घाट इलाके में वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण यह हादसा हुआ और एसयूवी खाई में जा गिरी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जनहानि पर दुख व्यक्त किया और कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने एक बयान में कहा कि आठों दोस्त घूमने के लिए निकले थे। पहाड़ी इलाके में उनका वाहन लगभग 1,500 फुट गहरी खाई में गिर गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव और राहत अभियान शुरू किया और शवों को निकालने के लिए सात-सात सदस्यों की पांच टीम गठित कीं। उन्होंने बताया कि अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्वयंसेवी बचाव दल की मदद से शेष शवों को निकालने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार सवारों में से एक रत्नागिरि जिले का था जबकि अन्य सात सातारा जिले के थे। इसे एक बेहद दुखद घटना बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, मैं मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान में रायगढ़ और सातारा पुलिस मिलकर काम कर रही है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रितेश लोखंडे (22), सुहास लोखंडे (20), उत्कर्ष शिंगटे (21), निखिल शिंगटे (25), महेश पवार (25), आदित्य सालुंखे (21), राजेश काटकर (35) और अंश चव्हाण (19) के रूप में की गई है। इनमें सात सातारा के रहने वाले थे, जबकि अंश चव्हाण रत्नागिरि का निवासी था।
ट्रक पर पलटा डंपर, बस की टक्कर से 6 की मौत
धुल। महाराष्ट्र में धुले तालुका के ललिंग घाट में मुंबई आगरा हाइवे पर देर रात के करीब तीन गाड़ियों का एक एक्सीडेंट हुआ। इसमें एक डंपर एक ट्रक पर पलट गया और फिर पीछे से आ रही एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस ने भी इन गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में करीब 6 लोगों की मौत हो गई और करीब दस से बारह लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि गाड़ी पर कंट्रोल खोने की वजह से यह एक्सीडेंट हुआ। इस बारे में हाइवे पुलिस आगे की जांच कर रही है और फिलहाल इन गाड़ियों को सड़क से हटाने का काम चल रहा है।












