दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट लॉन्च
लोकवाहिनी, संवाददातानई दिल्ली। बेंगलुरु की स्टार्टअप गैलेक्सआई ने स्पेस-एक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से अपना दृष्टि उपग्रह लॉन्च किया है। दृष्टि को दुनिया का पहला ऑप्टोसार उपग्रह कहा जा रहा है। इसके इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और सिंथेटिक-अपर्चर रडार सेंसर की बदौलत यह दिन हो या रात, बारिश हो या धूप, स्पष्ट तस्वीरें ले सकता है। यह तकनीक आपदा राहत और बुनियादी ढांचा नियोजन जैसे कार्यों में मदद करने के लिए डिजाइन की गई है, ताकि जरूरत के समय विश्वसनीय तस्वीरें उपलब्ध कराई जा सकें।
पीएम मोदी ने रविवार को दुनिया के पहले ऑप्टोसार सैटेलाइट मिशन दृष्टि के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। पीएम मोदी ने इस उपलब्धि को भारत के लिए गौरवशाली बताया है। उन्होंने कहा कि गैलेक्सआई का मिशन दृष्टि हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में सबसे बड़े निजी तौर पर निर्मित उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र-निर्माण के लिए हमारे युवाओं के जुनून का एक प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने गैलेक्सआई की पूरी टीम और इसके संस्थापकों को इस बड़ी कामयाबी पर बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। तकनीकी रूप से यह मिशन बेहद खास है। कंपनी के अनुसार, मिशन दृष्टि दुनिया का पहला ऐसा उपग्रह है जिसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और सिंथेटिक अपर्चर रडार सेंसर एक साथ काम करेंगे। यह आधुनिक तकनीक किसी भी मौसम, बादलों के बीच और रात के अंधेरे में भी धरती की स्पष्ट तस्वीरें लेने में सक्षम है।









