किसान कर्ज माफी मुद्दे पर सरकार के आश्वासन के बाद लिया फैसला
लोकवाहिनी, संवाददाता
पंढरपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र सरकार की कृषि ऋण माफी योजना से कड़ी शर्तें हटाने की मांग को लेकर जारी अपना अनशन, मंत्री गिरीश महाजन की ओर से चर्चा के लिए बैठक बुलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद सोमवार को समाप्त कर दिया। राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार के प्रपौत्र एवं विधायक रोहित पवार ने शुक्रवार को सोलापुर जिले के पंढरपुर में किसानों के लिए संपूर्ण ऋण माफी की मांग को लेकर यह प्रदर्शन शुरू किया था। पंढरपुर विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर के लिए प्रसिद्ध है।
महाजन रविवार देर रात पंढरपुर पहुंचे और विधायक से मुलाकात की। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार किसानों की चिंताओं को दूर करने के प्रति सकारात्मक है और उनकी मांगों का समाधान तलाशने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पवार से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। महाजन ने कहा, यदि आपको लगता है कि कृषि ऋण माफी योजना में संशोधन की आवश्यकता है, तो मुंबई आइए। हम मानसून सत्र से पहले एक बैठक बुलाएंगे और आप अपना पक्ष रख सकते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फणवीस ने भी आश्वासन दिया है। इसलिए 22 जून से पहले बैठक होगी और हम किसी सकारात्मक नतीजे पर पहुंचने का प्रयास करेंगे।











