आईएसआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा समर्थित और संचालित एक बड़े आतंकी-आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 7 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट गैंगस्टर से आतंकवादी बने शाहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर द्वारा संचालित था। इस कार्रवाई में सात प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में कई आतंकी घटनाओं की योजना को विफल कर दिया। स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज की टीम ने यह सफलता हासिल की। इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार तेवतिया और अजीत कुमार ने टीम का नेतृत्व किया। एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की देखरेख में यह अभियान चला।
सिंडिकेट पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते दिल्ली और एनसीआर में अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल मिलीं। साथ ही 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद हुआ। मोबाइल फोन में शाहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर से जुड़ी आपत्तिजनक चैट और वॉइस नोट थे। स्पेशल सेल के समय पर हस्तक्षेप से आईएसआई प्रायोजित छद्म युद्ध को बड़ा झटका लगा है। गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों में अनस, मोहित, दीपक, आरिफ, करनवीर सिंह, जतन और साबिर शामिल हैं।











