‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद जवान अमर रहे’ के नारों से गूंजा शहर
लोकवाहिनी संवाददाता
बुलढाणा। उत्तराखंड में देशसेवा का कर्तव्य निभाते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले चिखली के वीर सपूत हवलदार हरिदास मधुकर कापसे (36) का सोमवार को चिखली स्थित तालुका क्रीड़ा संकुल मैदान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वे भारतीय सेना की 421 पैरा फील्ड कंपनी में कार्यरत थे। हवलदार हरिदास कापसे मूल रूप से चिखली तहसील के शेलसूर गांव के निवासी थे और वर्तमान में चिखली के दांडगे लेआउट में रह रहे थे। वे मूल बॉम्बे इंजीनियरिंग ग्रुप यूनिट से जुड़े थे तथा वर्तमान में 411 (स्वतंत्र) पैरा फील्ड कंपनी, आगरा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शहीद जवान का पार्थिव शरीर उत्तराखंड से विमान द्वारा दिल्ली और वहां से छत्रपति संभाजीनगर लाया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से पार्थिव शरीर चिखली स्थित उनके निवास पर पहुंचाया गया।
पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिजनों और वहां मौजूद लोगों का दुख फूट पड़ा। इसके बाद चिखली शहर से शहीद जवान की अंतिम यात्रा निकाली गई। मार्ग के दोनों ओर हजारों नागरिक अंतिम दर्शन के लिए खड़े रहे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘शहीद वीर जवान हरिदास कापसे अमर रहें’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। हजारों नागरिकों की आंखें नम थीं। भावुक माहौल में हजारों नागरिकों की मौजूदगी में हरिदास कापसे पंचतत्व में विलीन हो गए। शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार को चिखली पहुंचा। इसके बाद दांडगे लेआउट स्थित उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा शुरू हुई। अंतिम यात्रा सिद्ध साइंस चौक, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक और बस स्टैंड मार्ग से होते हुए तालुका क्रीड़ा संकुल के मैदान पर पहुंची।
शेलसूर में बनेगा शहीद हरिदास कापसे का स्मारक
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए चिखली विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्वेता महाले पाटील भावुक हो गईं। उन्होंने घोषणा की कि शहीद हरिदास कापसे की स्मृति को हमेशा जीवित रखने के लिए उनके मूल गांव शेलसूर में भव्य स्मारक बनाया जाएगा। इस अवसर पर विधायक संजय गायकवाड, शिवसेना जिलाध्यक्ष ऋषिभाऊ जाधवर, पूर्व विधायक राहुल बोंद्रे, किसान नेता रविकांत तुपकर, शिवसेना जिला संपर्क प्रमुख प्रा. नरेंद्र खेडेकर, राज्य प्रवक्ता जयश्रीताई शेलके, नगराध्यक्ष पंडितराव देशमुख, उपनगराध्यक्ष वैशाली कपिल खेडेकर, अपर जिलाधिकारी सुधीर खांदे, जिला सैनिक अधिकारी रूपाली सरोदे, डीएसपी संतोष खाड़े, उपविभागीय अधिकारी राजेश पाटिल, तहसीलदार विजय सवडे, बीडीओ समाधान वाघ, कर्नल सुहास जानकर, थानेदार भूषण गवंडे, अमडापूर थानेदार जयसिंग राजपूत, शेलसूर के सरपंच सखाराम धंदर, मुख्याधिकारी प्रशांत बिडकर, विजय पाटील तथा पत्रकार गोपाल तुपकर सहित सैन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवान हरिदास कापसे को भावपूर्ण अंतिम श्रद्धांजलि दी।
हर रास्ते पर नागरिकों की भीड़
अंतिम यात्रा के मार्ग में सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिक अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए खड़े रहे। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सहित हर वर्ग के लोग अपने शहर के वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। अंतिम यात्रा के दौरान ‘शहीद जवान हरिदास कापसे अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से चिखली का वातावरण देशभक्ति से भर गया। देश के लिए कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान देने वाले जवान को अंतिम विदाई देते समय उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं। हजारों नागरिकों ने शहीद जवान के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान चिखली विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्वेता महाले, विधायक संजय गायकवाड, चिखली के नगराध्यक्ष पंडित देशमुख सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।












