मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) में अनुशासनहीनता पर लगाम कसते हुए विभाग ने सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। ये सभी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए गए थे।
राज्य परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के कार्यालय से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि निलंबित कर्मचारियों में तीन चालक, एक परिचालक, दो मैकेनिकल कर्मचारी और एक खलासी शामिल हैं। ये सभी विभिन्न डिपो में कार्यरत थे।
विभाग के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा और कार्य संस्कृति को सुधारने के लिए 28 अक्टूबर को पूरे राज्य में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों का ब्रेथ एनालाइज़र टेस्ट किया गया, जिसमें 719 चालक, 524 परिचालक और 458 मैकेनिकल स्टाफ सहित कुल 1,701 कर्मचारियों की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत निलंबन की कार्रवाई की गई। मंत्री सरनाईक ने कहा कि इस तरह की जांचें नियमित रूप से जारी रहेंगी, ताकि यात्री सुरक्षा से कोई समझौता न हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह का कोई मामला सामने आने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।










