कड़े पुलिस बंदोबस्त में कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महानगरपालिका के अतिक्रमण निर्मूलन अभियान के दौरान रविवार को इतवारी परिसर के नंगा पुतला चौक पर तनाव की स्थिति बन गई। मनपा के दल ने सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की तो हॉकर और मनपा कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ती देख तहसील पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के कड़े बंदोबस्त के बाद में कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान 2 दोपहिया वाहन, 3 ठेले और 2 ट्रक अन्य सामग्री जप्त की गई। रविवार दोपहर करीब 2 बजे अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबле के नेतृत्व में दो दल इतवारी बाजार परिसर पहुंचे। नंगा पुतला चौक पर सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों और हॉकरों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया।
इस दौरान मनपा कर्मचारियों और फुटपाथ दुकानदारों के बीच शाब्दिक विवाद बढ़ गया। इसके बाद तहसील पुलिस को मौके पर बुलाया गया। विरोध को देखते हुए मनपा के सतरंजीपुरा जोन के सहायक आयुक्त राजेश मसराम और गांधीबाग जोन के सहायक आयुक्त अंकित धोपटे भी मौके पर पहुंचे। पुलिस बंदोबस्त के बीच दोबारा कार्रवाई शुरू की गई। इसके तहत नंगा पुतला चौक, गांधीबाग गार्डन और इतवारी परिसर में सड़क के दोनों ओर से अवैध ठेले और दुकानें हटाई गईं। फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए। मनपा ने रविवार को शहर के अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। सीताबर्डी में दो अतिक्रमण निर्मूलन दलों ने मेन रोड, झायबटी चौक और मनपा की मल्टीलेवल पार्किंग प्लाजा के आसपास सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे हटाए। वहीं, महल परिसर में दो अन्य दलों ने महल चौक, बडकस चौक, केडीबी, गडकरी वाडा और कल्याणेश्वर मंदिर परिसर में कार्रवाई की।













