नागपुर। बजरंग दल द्वारा पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील को निवेदन सौंपकर गरबा आयोजन में गैर हिंदू के प्रवेश पर रोक, अशलील वस्त्र, अशलील गीत, धूम्रपान पर रोक लगाने की मांग की गई। इस अवसर पर बजरंग दल की ओर से गरबा आयोजनों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखने, अशलील गीतों पर प्रतिबंध लगाने तथा आयोजनों में प्रवेश व्यवस्था की उचित जांच एवं आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। सीपी से गरबा आयोजनों में शांति, सुरक्षा एवं सनातन संस्कृति की गरिमा बनाए रखने हेतु प्रशासन से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
सौंपे गए निवेदन में कहा गया है कि नवरात्रि में गरबा मां दुर्गा की आराधना एवं सनातन संस्कृति से जुड़ा पावन आयोजन है। इसकी धार्मिक गरिमा, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने हेतु निम्नलिखित विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
प्रवेश व्यवस्था : गरबा पंडाल में प्रवेश हेतु स्पष्ट नियम बनाए जाएं, सभी प्रतिभागियों का पहचान सत्यापन हो तथा धार्मिक आयोजन की प्रकृति के अनुरूप उचित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अशलील गानों पर रोक : गरबा में अशलील एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीतों पर रोक लगाकर भक्ति एवं पारंपरिक गीतों को प्राथमिकता दी जाए।
मर्यादित वेशभूषा : सभी प्रतिभागियों से मां भगवती की आराधना के अनुरूप मर्यादित वेशभूषा अपनाने की अपील की जाए। नशामुक्त परिसर : शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर आनेवालों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। गरबा परिसर को धूम्रपानमुक्त रखा जाए। सुरक्षा व्यवस्था : महिलाओं की सुरक्षा, अनुचित गतिविधियों पर नियंत्रण एवं शांति बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त किया जाए।
निवेदन सौंपते समय बजरंगदल के महानगर संयोजक शुभम अरखेल, सहसंयोजक राहुल नारनवरे, सुरक्षा प्रमुख बिट्टू सावड़िया सहित बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।














