दो महीने में विशेष दस्ता भंग, धांधली की शिकायतों के बाद लिया फैसला
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित पुलिस के विशेष एस्कॉर्ट दस्ते को पुलिस आयुक्त डॉ. विश्वास नांगरे पाटील ने भंग कर दिया है। दस्ते के कुछ कर्मचारियों के खिलाफ गैरप्रकार की शिकायतें मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। महज दो महीने में विशेष दस्ता भंग किए जाने से पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सहायक पुलिस निरीक्षक भगवान कोली के नेतृत्व में करीब छह पुलिसकर्मियों का यह विशेष दस्ता काम कर रहा था। सट्टा, गुटखा और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अचानक छापेमारी कर कार्रवाई करना दस्ते की जिम्मेदारी थी। कार्रवाई के बाद संबंधित थाने के प्रभारी अधिकारियों से सीधे खुलासा मांगा जाता था। इसके चलते थानों में इस विशेष दस्ते का खासा दबदबा बना हुआ था। हालांकि, हाल के दिनों में दस्ते के कुछ सदस्यों के खिलाफ गैरप्रकार की शिकायतें पुलिस आयुक्त तक पहुंचीं। विशेष दस्ते का इस्तेमाल प्रतिस्पर्धियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए किए जाने की शिकायतें भी सामने आने की जानकारी है। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने पूरे दस्ते को ही भंग करने का फैसला लिया। एपीआई भगवान कोली का भी उनके मूल स्थान पर तबादला किए जाने की जानकारी है।
तोड़-पानी में व्यस्त हैं सभी
शहर की चरमराई कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए सीपी विश्वास पाटिल नित-नए ट्रिक आजमाकर दस्ते बनाए जा रहे हैं परन्तु सीपी के सारे दस्ते इन दिनों तोड़-पानी में व्यस्त हैं। सीपी को जानकारी रहने के बावजूद भी सिपाही से लेकर सभी थाने के आला अफसर चांदी काटने में लगे हुए हैं। सीपी के दस्ते के अलावा यातायात विभाग के सिपाही व थानेदार भी चालान के नाम पर दिनभर उगाही करते नजर करते आते हैं।
दो माह बाद बनेगा नया दस्ता
पुलिस आयुक्त डॉ. विश्वास नांगरे पाटील ने स्पष्ट किया कि विशेष दस्ते में कर्मचारियों को लंबे समय तक एक ही स्थान पर रखना उनकी कार्यप्रणाली का हिस्सा नहीं है। एक ही दस्ते में लंबे समय तक काम करने पर गैरप्रकार में शामिल होने की संभावना बढ़ सकती है। इसी वजह से करीब दो महीने बाद मौजूदा एस्कॉर्ट दस्ता भंग किया गया है। जल्द ही नए कर्मचारियों को शामिल कर नया एस्कॉर्ट दस्ता गठित किया जाएगा।













