140 सवाल निकले एक जैसे, जांच में बड़ा खुलासा
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। सोशल मीडिया से लेकर कोचिंग गलियारों तक एक बार फिर बवाल मच गया है। एक गेस पेपर के वायरल होने के बाद इस पूरे मामले की जांच शुरू हो गई है। मेडिकल की पढ़ाई का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के बीच एक बार फिर नीट यूजी परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नीट यूजी 2026 परीक्षा के बाद अब पेपर लीक जैसी आशंकाओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
राजस्थान में सामने आए एक मामले में दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले लाखों रुपये में एक सैंपल पेपर बेचा गया था, जिसमें 140 सवाल, नीट यूजी 2026 परीक्षा में पूछे गए सवाल से मिलते-जुलते थे। इस मामले के सामने आते ही राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और दूसरी एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान और उत्तराखंड से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को ऐसी जानकारी मिली थी कि परीक्षा से पहले कुछ छात्रों के बीच एक गेस पेपर या सैंपल पेपर बांटा गया था।
जांच में सामने आया कि उस पेपर के 200 सवालों में से करीब 140 सवाल असली नीट यूजी 2026 परीक्षा से काफी हद तक मेल खाते थे। इसके बाद एनटीए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी केंद्रीय जांच एजेंसियों और राजस्थान पुलिस को दी। इस पूरे मामले की जांच अब राजस्थान एटीएस और एसओजी कर रही है। खबरों के अनुसार, एसओजी की जांच में सामने आया है कि सैंपल पेपर केरल से राजस्थान के सीकर लाया गया था। इससे शक बढ़ गया है कि परीक्षा पेपर लीक या उसे फैलाने के पीछे शायद किसी दूसरे राज्यों से जुड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। ऐसे में अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पेपर को लाने और बांटने में किन-किन लोगों का हाथ था।








