अब मिलेंगे 15 मिनट एक्स्ट्रा : 4 रफ वर्क शीट मिलेंगी, एनटीए ने जारी की गाइडलाइंस
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 के लिए छात्रों के हित में शुक्रवार को कई कदमों की घोषणा की जिनमें ‘रफ’ यानी कच्चे काम के लिए अतिरिक्त जगह देना और परीक्षा की अवधि बढ़ाना शामिल है। चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। एनटीए के अनुसार, परीक्षा अपराह्न दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी। इस तरह अभ्यर्थियों को कुल 195 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाई गई है। एजेंसी ने कहा, यह अतिरिक्त समय परीक्षा की शुरुआत और अंत में निरीक्षण संबंधी औपचारिकताओं, जैसे हस्ताक्षर आदि की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। अभ्यर्थियों का मानना था कि इन औपचारिकताओं के कारण उन्हें प्रश्न हल करने के लिए मिलने वाला वास्तविक समय कम हो जाता था।












