आरोपी गिरफ्तार, सरकार ने दिया कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। पुणे के पिंपळवेंडी में बच्ची के साथ अत्याचार कर उसकी हत्या किए जाने की आक्रोशजनक घटना सामने आई है। जिस जगह आरोपी ने यह कृत्य किया, वह घटनास्थल देखने पर रोंगटे खड़े हो गये। बेहद घने गन्ने के खेत और बगल में नाला, ऐसी जगह पर यह दरिंदा इस बच्ची को लेकर गया। जिस खेत का मालिक सप्ताह में एक बार अकेले आता है, ऐसी सुनसान जगह पर उसके साथ जो हुआ होगा, इसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। इस घटना के बाद एक बार फिर आक्रोश की लहर फैल गई है। तो जिस जगह उस बच्ची के साथ आरोपी ने कृत्य किया, उस पुणे के पिंपळवेंडी में 9 साल की बच्ची के साथ अत्याचार कर उसकी हत्या आखिर कहां की, उस जगह का वीडियो सामने आया है। एक तरफ गन्ने का खेत और दूसरी तरफ नाला है। ऐसी दुर्गम जगह पर दरिंदे ने बच्ची के साथ अत्याचार किया। यह पूरी जगह बेहद सुनसान और घने पेड़ों और खेतों वाली है।
बताया जाता है कि बच्ची को साइकिल सीखनी थी इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे बहलाया तुम्हें साइकिल सिखाता हूँ, ऐसा कहकर वह दरिंदा उसे घर से लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर दूर लेकर गया। इस घटना की जगह से आधा किलोमीटर दूर मुख्य सड़क है। यहां इस खेत के मालिक भी सप्ताह में कभी-कभार ही आते हैं। यह बेहद अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। इस दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को फांसी देने की मांग पिंपळवेंडी के ग्रामीण कर रहे हैं। इस घटना के विरोध में आज ग्रामीणों ने पुणे-नासिक महामार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन किया। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, जबकि इस बच्ची को न्याय मिले, ऐसी मांग ग्रामीणों द्वारा की गई।
रास्ता रोको के कारण पुणे-नासिक महामार्ग पर यातायात पर बड़ा असर पड़ा और प्रशासन के सामने स्थिति को नियंत्रण में किये रहने की चुनौती पैदा हो गई है। बच्ची के साथ अत्याचार कर उसकी हत्या किए जाने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाली है। इस संबंध में पुणे जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने घटना स्थल का जायजा लिया। इस मामले की बेहद पारदर्शी और गहन जांच कर दरिंदे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश पुलिस प्रशासन को दिए गए हैं।
यह कृत्य बेहद निंदनीय : सुनेत्रा पवार
इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा, यह कृत्य बेहद निंदनीय और मानवता को कलंकित करने वाला है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और आगे की जांच तेजी से शुरू है। इस मामले के आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिले, इसके लिए यह मुकदमा त्वरित न्यायालय में चलाया जाए, ऐसी विशेष विनंती मैं मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से करने वाली हूँ। पीड़ित परिवार के साथ सरकार मजबूती से खड़ी है, यह स्पष्ट करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वह जल्द ही पिंपळवेंडी जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगी।
गाँव में भय का माहौल
इस बीच, इस घटना के बाद पिंपळवेंडी गाँव की महिलाओं, अभिभावकों और नागरिकों में भय का माहौल पैदा हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा का सवाल एक बार फिर सामने आया है और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को कड़े उपाय करने चाहिए, ऐसी मांग नागरिकों की ओर से की जा रही है। ग्रामवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच तेजी से पूरी कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित लड़की के परिवार को न्याय मिले और आरोपी को कड़ी सजा हो, इसके लिए प्रशासन को किसी भी तरह की देरी नहीं करनी चाहिए, ऐसी भूमिका ग्रामवासियों ने अपनाई है।
गाँववासियों से कानून और व्यवस्था बनाए रखने की अपील
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल होने पर गाँववासियों से कानून और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास न करते हुए जांच में सहयोग करने की अपील की है। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल के मार्गदर्शन में इस मामले की जांच जारी है और संदिग्ध को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाए, ऐसी मांग पिंपळवेंडी ग्रामवासियों ने की है।











