इज़राइल, इटली और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
पुणे में पत्रकार परिषद में केंद्र की नीतियों पर वंचित बहुजन आघाड़ी का निशाना
पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में Prakash Ambedkar ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर कई गंभीर आरोप लगाए। वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का इटली दौरा केवल “स्पॉक्सस्क्रीन” और राजनीतिक स्टंट था। उन्होंने दावा किया कि भारत से इज़राइल को मिलिटरी-ग्रेड स्टील और अन्य सामग्री भेजे जाने के मामले को दबाने के लिए यह दौरा किया गया।
आंबेडकर ने आरोप लगाया कि इटली में चार जहाज रोके गए हैं, जिनमें कथित रूप से सैन्य उपयोग का स्टील था। उनका कहना था कि इस मामले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है और इसी कारण भारत को गैस तथा अन्य वस्तुओं की आपूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत सरकार की इज़राइल समर्थक नीतियों के कारण कुछ देश भारत के विरोध में खड़े हो गए हैं।
महंगाई और गैस संकट को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आंबेडकर ने कहा कि कई देश भारत को क्रूड ऑयल देने के लिए तैयार हैं, लेकिन केंद्र की नीतियों के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा उन्होंने युवाओं को लेकर कथित “क्रॉकरोच जनता पार्टी” टिप्पणी पर भी नाराजगी जताई और कहा कि संबंधित बयान पर स्पष्टता दी जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि देश के सामने इन सभी आरोपों पर प्रधानमंत्री मोदी जवाब दें।












