शरद पवार बोले- एनसीपी में नहीं होगी टूट, सुप्रिया सुले ने भी कसा तंज
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। शिवसेना उबाठा के 6 सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद से राज्य में ऑपरेशन टाइगर को लेकर सियासत गर्म है। महाविकास आघाड़ी में कई सांसदों और विधायकों के टूटने की अटकलें हैं। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने अपनी पार्टी में किसी भी तरह की फूट की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पुणे में दृढ़ता के साथ कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सांसद विरोधी गुट में शामिल नहीं होने जा रहा है। यह बयान एनसीपी विधायक धर्मराव आत्राम के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि शरद पवार गुट के आठ में से पांच सांसद दिसंबर तक पाला बदल सकते हैं।
आत्राम का दावा था कि ये सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं। विपक्षी खेमे के दावों पर विराम लगाते हुए शरद पवार ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक भी सांसद या विधायक पाला नहीं बदलेगा। पवार के इस बयान ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है और विरोधी खेमे की बयानबाजी को सीधे तौर पर चुनौती दी है। बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने इस मामले पर तंज कसते हुए अत्राम के दावों की हवा निकाल दी। सुले ने कहा, शायद आत्राम को हमसे ज्यादा जानकारी होगी, मुझे इस बारे में कोई अंदाजा नहीं है। हमारे सभी आठ सांसद कल भी एकजुट थे, आज भी एकजुट हैं और आने वाले कल में भी एकजुट रहेंगे।









