मुंबई। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर लीक करने वाले आरोपियों को रविवार को भिवंडी कोर्ट में पेश किया गया। सरकारी वकील एडवोकेट मारिया अंसारी ने बताया कि कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को 6 तारीख तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। तब तक पुलिस की जांच टीम को अपनी पूछताछ पूरी करनी होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्कैम का जो मुख्य आरोपी है, वह महाराष्ट्र का ही रहने वाला है और उसे भी जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके अलावा, एक आरोपी की तबीयत खराब होने की वजह से उसे मेडिकल ट्रीटमेंट भी दिया गया है।
आरोपियों के वकील एडवोकेट शैलेश मधुकर गायकवाड़ ने बताया कि यह पूरा केस कोंगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। इस एग्जाम में करीब 10 लाख स्टूडेंट्स बैठने वाले थे, जिससे समझा जा सकता है कि यह मामला कितना बड़ा और संवेदनशील है। पुलिस को पहले ही एक सीक्रेट टिप मिल गई थी कि तीन लोग परीक्षा के पेपर बेचने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक जाल बिछाया और आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। कोर्ट में अभियोजन पक्ष ने 10 दिन की कस्टडी मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 6 तारीख तक का समय दिया है। पुलिस अब स्कैंड कॉपीज का वेरिफिकेशन कर रही है ताकि पता चल सके कि पेपर असली थे या नकली। पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो बिहार और एक दिल्ली का रहने वाला है।











