नागपुर। गणेशपेठ थाना क्षेत्र के कॉटन मार्केट परिसर में पता पूछने के बहाने युवक के गले से सोने का लॉकिट झपटकर फरार हुए तीन आरोपियों को अपराध शाखा की चैन स्नैचिंग चोरी विरोधी टीम ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का लॉकिट, वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन समेत करीब डेढ़ लाख रुपए का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे पानीपुरी का व्यवसाय करने वाले अंबाझरी निवासी रजत राजकुमार गुप्ता (23) सामान खरीदने के लिए कॉटन मार्केट परिसर में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोककर पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान आरोपी ने मौका पाकर रजत के गले से करीब 3 ग्राम वजन का सोने का लॉकिट झपट लिया और अपने दो साथियों के साथ दोपहिया वाहन से फरार हो गया। लॉकिट की कीमत करीब 11 हजार रुपए बताई गई है। घटना के बाद रजत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की चैन स्नैचिंग चोरी विरोधी टीम ने समानांतर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुनेद अख्तर खान, मोहम्मद साजिद शेख उर्फ मोनू और फैजान शेख यासीन शेख को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कॉटन मार्केट में लॉकिट झपटमारी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का लॉकिट, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन बरामद किया है। बरामद माल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी नशे के आदी हैं और ताजबाग परिसर स्थित एक फूल की दुकान में काम करते हैं।













