सांप ने छह लड़कियों को डंसा, जांच के आदेश
लोकवाहिनी, संवाददाता
गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक आश्रमशाला में जहरीले सांप के डंसने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार आधी रात के करीब धनौरा तहसील मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर जपतलाई गांव स्थित सहायता प्राप्त आदिवासी आवासीय स्कूल के छात्रावास में हुई। उन्होंने बताया कि स्कूल के छात्रावास में फर्श पर सो रही नाबालिग छात्राओं को जहरीले सांप ने डंस लिया। इनमें से आठ, 12 और 14 साल की तीन छात्राओं की मौत हो गई। वहीं, 11 से 14 साल की तीन अन्य छात्राओं का सांप के डंसने के बाद इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी अविष्यंत पांडा ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा किस तरह हुआ, क्या छात्राओं के रहने की जगह पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए थे और क्या स्कूल प्रबंधन ने जरूरी सुरक्षा नियमों एवं सावधानियों का पालन किया था।
गंभीर छात्रा हेलीकॉप्टर से नागपुर लाई गई
सर्पदंश से पीड़ित अन्य तीन छात्राओं में से एक छात्रा की हालत गंभीर होने की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और गढ़चिरौली पुलिस बल के समन्वय से उक्त छात्रा को हेलीकॉप्टर की सहायता से नागपुर स्थित मेडिकल अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। उक्त छात्रा का नागपुर स्थित सभी सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल में उपचार किया जाएगा। छात्रा के उपचार में देरी न हो और उसे आवश्यक सहायता मिले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग व संबंधित विभागों के साथ समन्वय साधकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।












