लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आज 142 सीटों पर मतदान होना है। राज्य में हिंसा को देखते हुए राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर मंगलवार को सीआरपीएफ ने फ्लैग मार्च किया। ममता के खिलाफ भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। इधर चुनाव कर्मचारी ईवीएम मशीन लेकर पोलिंग बूथ पर पहुंच चुके हैं। कोलकाता में एक महिला कर्मचारी गर्मी के चलते बेहोश हो गई। सेकेंड फेज में कुल 1473 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
23 अप्रैल को पहले चरण में 92.72% मतदान हुआ था। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का दूसरा चरण इसलिए अहम है, क्योंकि इसमें शहरी केंद्र और राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र शामिल हैं। ये क्षेत्र अक्सर आखिरी नतीजों को तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सियासी दलों ने यहां चुनाव प्रचार पर जोरदार ध्यान केंद्रित किया है और कई निर्वाचन क्षेत्रों में कड़े मुकाबले की उम्मीद है। इस चरण में 142 सीटों के लिए कुल मतदाता 3 करोड़ 21 लाख 73 हजार 837 हैं। इनमें पुरुष मतदाता 1 करोड़ 64 लाख 35 हजार 627 हैं, जबकि महिला मतदाता 1 करोड़ 57 लाख 37 हजार 418 हैं। इस चरण में तीसरे लिंग वाले मतदाता 792 हैं।
एग्जिट पोल आज
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित होने हैं। 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद शाम छह बजे जब वोटिंग की प्रक्रिया को रोक दिया जाएगा, तब अलग-अलग सर्वेक्षण एजेंसियां चुनावी नतीजों के अनुमान से जुड़े एग्जिट पोल जारी करेंगी।








