लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-05 ने वाहन चोरी और सेंधमारी की वारदातों में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि संघर्षग्रस्त बालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 दोपहिया वाहन तथा सेंधमारी में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 9 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार तहसील थाना क्षेत्र के बोरीयापुरा निवासी शेख राशीद शेख अजीज के घर में कुछ दिन पूर्व सेंधमारी की घटना हुई थी। अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में तहसील पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान अपराध शाखा यूनिट-05 को तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने बोरीयापुरा निवासी शहानवाज शाह (19) तथा मोमिनपुरा निवासी फैजान खान (45) को गिरफ्तार किया। साथ ही दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1 लाख 36 हजार मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। आगे की जांच में आरोपियों ने धंतोली, यशोधरानगर, सीताबर्डी, कपिलनगर और कोराड़ी थाना क्षेत्रों से 10 दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 30 हजार रुपये है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने एक सेंधमारी और 10 वाहन चोरी सहित कुल 11 अपराधियों का खुलासा किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरोह नाबालिग साथियों की मदद से दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने में गैरेज संचालक फैजान खान की भूमिका सामने आई है। आरोपी शहानवाज शाह इलेक्ट्रिशियन का काम करता है, जबकि दोनों नाबालिग पेंटिंग का कार्य करते हैं।












