किसानों को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री फणवीस की सफाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। कृषि क्षेत्र के सामने जलवायु परिवर्तन की बड़ी चुनौती खड़ी है। इसलिए भविष्य में क्लाइमेट प्रूफ खेती की दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है। साथ ही सरकार द्वारा घोषित कर्जमाफी योजना में कोई कठोर शर्तें या नियम नहीं लगाए गए हैं। राज्य की जिला सहकारी बैंकों सहित पूरी बैंकिंग व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए यह शर्त रखी गई है। बार-बार कर्जमाफी का लाभ लेने वाले किसानों को भी एक निश्चित सीमा तक कर्जमाफी दी जाएगी और शेष राशि उन्हें भरनी होगी। अन्यथा राज्य की बैंकिंग व्यवस्था संकट में आ सकती है। ऐसा उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फणवीस ने किसान कर्जमाफी की शर्तों पर स्पष्टीकरण दिया।
देवेंद्र फणवीस ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के विकास को अभूतपूर्व गति दी है। पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक, सामाजिक, बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित पत्रकार सम्मेलन में मुख्यमंत्री फणवीस बोल रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विधायक रविंद्र चव्हाण, मुंबई अध्यक्ष विधायक अमित साटम, प्रदेश महासचिव विधायक निरंजन डावखरे, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन आदि उपस्थित थे। पत्रकार सम्मेलन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फणवीस ने राज्य में किसान कर्जमाफी, जलवायु परिवर्तन और कृषि क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से अपनी भूमिका रखी। इस दौरान उन्होंने कर्जमाफी की शर्तों को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्पष्टीकरण देते हुए सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निर्णय का लाभ 40 लाख से अधिक किसानों को बिना किसी शर्त के मिलेगा।
मोदी सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री: फणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणवीस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर उनकी तारीफ की और कहा कि मोदी सिर्फ सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री नहीं बल्कि दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाने वाले सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं। फणवीस ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की तस्वीर बदल दी है और हर क्षेत्र में बदलाव लाए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने देश के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि का महत्व सिर्फ उनके कार्यकाल की अवधि में नहीं बल्कि उस दौरान लाए गए बदलावों में है। फणवीस ने कहा, यह इसलिए महत्वपूर्ण नहीं है कि उन्होंने (मोदी ने) इतने लंबे समय तक सेवा की है। महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने देश की तस्वीर बदली है और दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 22 राज्यों में सत्ता में है और देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी इसी गठबंधन द्वारा शासित राज्यों में रहती है।












