ऑपरेशन शक्ति : मैनेजर गिरफ्तार, 4 महिलाएं मुक्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। पुलिस के ऑपरेशन शक्ति अभियान के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने स्पा सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है। बजाजनगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने चार महिलाओं को मुक्त कराया है। मामले में स्पा सेंटर के मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बजाजनगर के प्रयाग एन्क्लेव स्थित मेफयर लक्जरी स्पा सेंटर में स्पा सेवाओं की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक बोगस ग्राहक को स्पा सेंटर भेजा। प्रारंभिक बातचीत में महिला उपलब्ध कराने के लिए दो हजार रुपये तय किए गए, लेकिन कमरे में पहुंचने के बाद जिस्मफरोशी के लिए पांच हजार की मांग की गई। इसके बाद पहले से तैयार पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर में मैनेजर के रूप में कार्यरत वर्धा निवासी 28 वर्षीय अमन नामदेवराव वैद्य को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों को महिलाओं की उपलब्धता कराकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को रेस्क्यू किया। इनमें मेघालय, बेंगलुरु, पुणे और आगरा की रहने वाली युवतियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक युवती की निशानदेही पर सोनेगांव क्षेत्र स्थित एक फ्लैट से तीन अन्य महिलाओं को भी मुक्त कराया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह स्पा सेंटर पिछले दो महीनों से संचालित किया जा रहा था। महिलाओं को दूसरे राज्यों से बुलाकर देह व्यापार में लगाया गया था। उन्हें मासिक वेतन के साथ प्रत्येक ग्राहक पर अलग से कमीशन भी दिया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि स्पा सेंटर का संचालन उड़ीसा निवासी सुशीलकुमार लोहारीवाल और कमलकुमार गोस्वामी द्वारा किया जा रहा था, जबकि नागपुर में इसका प्रबंधन अमन वैद्य संभाल रहा था। बजाजनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (प्रतिबंध) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।












