टैंकर-गाड़ियां बहा ले गई सुरंग की मिट्टी, कई मलबे में दबे; जेसीबी से बचाव कार्य
लोकवाहिनी, संवाददाता
वायनाड। केरल के वायनाड में हुए भयानक भूस्खलन ने बड़ी तबाही मचाई है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग लापता हैं। वहीं सात लोग जख्मी हैं। मलबे के नीचे दबे चार लापता लोगों की तलाश की जा रही है। इसी बीच भूस्खलन का दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। सामने आए भूस्खलन के वीडियो में एक टैंकर, बस और कुछ लोग तेजी से बह रहे मलबे और पानी की चपेट में आ गए। वीडियो में दिख रहा है कि भूस्खलन के बाद तेजी से बहकर आए मलबे के चलते टैंकर और बस कई सौ मीटर पीछे फिसलकर आ गए। जिससे उसकी चपेट में कई लोग आ गए। कुछ लोग तो भूस्खलन की चपेट में आने से बच गए, लेकिन कई लोग उस मलबे में दबे होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शी अजमल ने बताया, “पहले हमें हल्की सी आवाज सुनाई दी। हम सभी तुरंत दुकान से बाहर निकल आए। शुरुआत में पहाड़ी का थोड़ा हिस्सा ही खिसकता दिखा, लेकिन देखते ही देखते वह बड़ा भूस्खलन बन गया। हमने आसपास मौजूद लोगों को तुरंत वहां से भागने के लिए कहा। बस स्टॉप पर कई लोग खड़े थे और कुछ मजदूर भी काम कर रहे थे। तभी पुल के दूसरी तरफ खड़ा एक टैंकर भूस्खलन की चपेट में आ गया और बहता हुआ हमारी ओर आ गया। मुझे लगता है कि 10 से 15 लोग मलबे में दब गए हैं। अब तक चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। अभी यह साफ नहीं है कि पुल पर मौजूद लोग नदी में गिर गए या मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।”
दस घायल लोगों का दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है जबकि बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। इस बड़े भूस्खलन में एक चर्च और पास का एक घर भी बह गया।













