12,951 करोड़ में हुई डील
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। उपराजधानी की सोलर इंड्स्ट्रीज ने विदेश में कारोबार बढ़ाने के लिए दक्षिण अफ्रीका की ओमनिया होल्डिंग्स को करीब 12,951 करोड़ में खरीदने का समझौता किया है. ओमनिया खनन, खेती और रसायन के कारोबार से जुड़ी कंपनी है. सोलर समूह के एमडी और सीईओ मनीष नुवाल ने इस सौदे की पुष्टि की है. सोलर ने सोमवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि ओमनिया की 100% हिस्सेदारी नकद में खरीदी जाएगी. यह सौदा करीब 1.355 अरब डॉलर का है. हालांकि, सौदे को ओमनिया के शेयरधारकों और संबंधित देशों की नियामकीय मंजूरी मिलना बाकी है. मंजूरी मिलने के बाद ही सौदा पूरा होगा. सोलर इंड्स्ट्रीज महाराष्ट्र में रक्षा और एयरोस्पेस कारोबार भी बढ़ाएगी. कंपनी ने इसके लिए राज्य में 12,700 करोड़ के निवेश की घोषणा की है. इससे उत्पादन बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी बनने की उम्मीद है.
शेयर में आएगा उछाल
डिफेंस सेक्टर की कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया के शेयर मंगलवार को फोकस में रह सकते हैं. कंपनी की अप्रत्यक्ष रूप से पूरी तरह स्वामित्व वाली इकाई सोलर एसए निवेश, दक्षिण अफ्रीका की जोहान्सबर्ग स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड ओमनिया होल्डिंग्स को करीब 1.36 अरब डॉलर यानी 12,951 करोड़ में खरीदने जा रही है. डील के लिए रेगुलेटरी और शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी.
क्या करती है ओमनिया?
दक्षिण अफ्रीका में मुख्यालय वाली और जोहान्सबर्ग स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड ओमनिया का 73 साल पुराना इतिहास है. कंपनी की शुरुआत खेती से जुड़े कारोबार के रूप में हुई थी, लेकिन समय के साथ यह माइनिंग और एग्रीकल्चर सेक्टर में काम करने वाली एक बड़ी इंटरनेशनल कंपनी बन गई.
सोलर की अब 90 देशों में पहुंच है. सोलर इंडस्ट्रीज ने अफ्रीका में कारोबार की शुरुआत 2010 में जाम्बिया में कारखाना लगाकर की थी. 2015 में दक्षिण अफ्रीका में कारोबार शुरू किया और 2017 में मिडलबर्ग में कारखाना लगाया. 2024 में सोलर ने दक्षिण अफ्रीका की प्रोब्लास्ट कंपनी को भी खरीदा था. सोलर के 11 देशों में कारखाने हैं. दुनिया में कंपनी के 40 से ज्यादा उत्पादन केंद्र हैं. इसके उत्पाद 90 से ज्यादा देशों में पहुंचते हैं. कंपनी में 16,500 से ज्यादा कर्मचारी हैं. ओमनिया के अधिग्रहण के बाद अफ्रीका में सोलर का कारोबार और बढ़ेगा.
अफ्रीका में कारोबार और मजबूत होगा : सीईओ मनीष नुवाल
नुवाल सोलर समूह के एमडी एवं सीईओ मनीष नुवाल ने कहा कि कंपनी लंबे समय से ओमनिया की माइनिंग और एग्रीकल्चर कारोबार की मजबूती, अलग तकनीकों और ब्रांड्स से प्रभावित रही है. उन्होंने कहा कि ओमनिया के ग्राहकों के साथ कई सालों से मजबूत संबंध हैं. उनके मुताबिक, यह डील सोलर ग्रुप को विस्फोटक और ब्लास्टिंग सॉल्यूशंस के सेक्टर में ग्लोबल लीडर बनने के टारगेट की दिशा में एक अहम कदम है. साथ ही, इससे कंपनी को इंटीग्रेटेड क्रॉप न्यूट्रिशन और बायोलॉजिकल सॉल्यूशंस के कारोबार में भी मजबूती से प्रवेश करने का मौका मिलेगा.












