मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में राज्य के पुलिस बल, छात्र, छात्रावास कर्मचारी, आदिवासी समुदाय तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के लिए सात महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें पुलिस कर्मचारियों के लिए नए शौर्य पदक की घोषणा से लेकर छात्रों के निर्वाह भत्ते में बढ़ोतरी तक कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। ड्यूटी निभाते समय बड़ा जोखिम उठाकर और साहसिक प्रदर्शन करने वाले पुलिस बल के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री शौर्य पदक देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस पदक के तहत 50 हजार रुपये की नगद राशि, पदक और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
इस दौरान पूरे वर्ष के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा और इस वर्ष 3 जनवरी 2026 से किए गए प्रदर्शन को इसके लिए माना जाएगा। हर वर्ष महाराष्ट्र दिवस यानी 1 मई की पूर्व संध्या पर इन शौर्य पदों की घोषणा की जाएगी और मुख्यमंत्री के हाथों ये पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं पारंपरिक पत्थर तोड़ने और उत्खनन करने वाले वडार समाज को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। गौण खनिज स्वामित्वधन (रॉयल्टी) के लिए बढ़ी हुई छूट दी गई है और अब वार्षिक उत्खनन सीमा दो सौ ब्रास से सीधे पांच सौ ब्रास की जाएगी। इसके लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व (गौण खनिजों का उत्खनन और उन्हें हटाना) नियम, 1968 में संशोधन करने को मंजूरी दी गई है।













