पारशिवनी। तहसील में लगातार पशुओं पर तेंदुए के हमले जारी हैं। इसी कड़ी में एक और घटना में गरंडा इलाके के किसान व्यंकटी कोहले के पशु गोठे में घुस कर तेंदुए ने दो बकरियों को मार डाला, वहीं एक बकरी को गंभीर जख्मी कर दिया। मंगलवार को तड़के तेंदुए की दहशत अपने चरम पर पहुंच गई। गरंडा क्षेत्र में तेंदुए ने एक मवेशी बाड़े पर धावा बोलकर दो बकरियों को मार डाला, जबकि एक अन्य बकरी तेंदुए के हमले में लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके के ग्रामीण में डर और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गरंडा निवासी व्यंकटी श्यामरावजी कोहले का गांव से सटा हुआ मवेशियों का बाड़ा है। बीती मध्यरात्रि के पश्चात एक खूंखार तेंदुआ पशु बाड़े में घुस आया और वहां बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। तेंदुए के इस हमले में मौके पर ही दो बकरियों की जान चली गई, जबकि पंजे का जोरदार वार लगने से एक बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई। सुबह जब परिजन बाड़े में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। तेंदुआ बेखौफ होकर ग्रामीण और रिहायशी इलाकों के आसपास सक्रिय है और लगातार पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है। घटना की जानकारी पुलिस पाटिल संदीप पाटिल ने वन विभाग को दी। इसके बाद वनरक्षक प्रकाश तलेकर सहित वनकर्मी रमेश कोहले, मिथुन कालसर्पे, अमित मेश्राम घटनास्थल पहुंचे और मुआयना कर मृत बकरियों का पंचनामा किया व रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को दी। गरंडा ग्रामवासियों ने वन विभाग से तेंदुए को तत्काल कैद करने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने तथा उन्हें भयमुक्त करने की मांग की है











