पिछले एक दशक में उठाए कदमों से मदद मिली : मोदी
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की बदौलत देश पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पैदा हुए संकट का मजबूती से सामना कर सका। मोदी यहां नवीकरणीय ऊर्जा और पेट्रोलियम बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं सहित 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध ने यह रेखांकित किया है कि ऊर्जा सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, यह भारत के लिए भी एक चुनौतीपूर्ण दौर रहा है। हालांकि, पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों ने हमें इस संकट का आत्मविश्वास के साथ सामना करने में मदद की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उत्पादन क्षमता बढ़ाई है, कच्चे तेल के भंडारण की सुविधाएं विकसित की हैं, सौर, जल और पवन ऊर्जा का विस्तार किया है, रेलवे का लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर लिया है और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कर्नाटक में जिन तीन परियोजनाओं की शुरुआत की गई हैं उनसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी। मोदी ने कहा कि मंगलुरु में एलपीजी परियोजना से देश की एलपीजी भंडारण क्षमता में 80,000 मीट्रिक टन की वृद्धि होगी, और बेंगलुरु के डोडा दसरहल्ली स्थित देवांगोंधी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन की आपूर्ति अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद हो जाएगी। (पेज 6 पर)
फोटो कैप्शन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत अन्य नेताओं के साथ सफर किया। उन्होंने यूपीआई से टिकट भी खरीदा। 21.25 किमी लंबी इस लाइन में 18 स्टेशन हैं। इसके साथ बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क 103.6 किमी हो जाएगा।

















