उपचुनाव में 1.22 लाख वोटों से मिली जीत : पुडुचेरी में एनडीए, तमिलनाडु की दोनों सीटें टीवीके जीती
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी की 4 विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा समेत 5 उपचुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित हुए। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और राजीनगर सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। वहीं तमिलनाडु की दो सीटों पर टीवीके ने कब्जा किया। उधर, पुडुचेरी की एक विधानसभा सीट पर एनडीए ने जीत हासिल की। असम के नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की। भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर 1,46,180 वोट से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
नंदीग्राम सीट पर भाजपा प्रत्याशी हसीरानी रथ 1,22,753 वोटों से जीत गई हैं। उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले। हसीरानी ने इस सीट पर सीएम शुभेंदु अधिकारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हसीरानी ने 1,22,753 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। यह 1967 के सीट के अस्तित्व में आने के बाद जीत का सबसे बड़ा अंतर है। इससे पहले सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड 2016 में शुभेंदु अधिकारी के नाम था। तब उन्होंने टीएमसी के टिकट पर सीपीआई के अब्दुल कबीर शेख को 81,230 वोटों से हराया था।













