भिवंडी में हादसा, तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
लोकवाहिनी, संवाददाता
ठाणे। महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई तथा दो से तीन लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पॉवरलूम नगरी भिवंडी में बालाजी नगर क्षेत्र स्थित कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे ढह गया। नगर निकाय अधिकारियों ने इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था और परिसर में मरम्मत का काम चल रहा था। भिवंडी के उपमंडलीय अधिकारी अमित सनाप ने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जबकि दो से तीन लोगों के अब भी चार मंजिला इमारत के मलबे में दबे होने की आशंका है। महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने कहा, भिवंडी में इमारत ढहने की घटना में नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
घटनास्थल पर तलाशी और बचाव अभियान जारी है। महाजन ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उपमुख्यमंत्र्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शहरी विकास विभाग को भिवंडी में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कब्जों की समस्या पर ध्यान देना चाहिए। मंत्री ने सवाल उठाया कि भिवंडी में ऐसी कितनी अनधिकृत इमारतों को अनुमति मिली है। उन्होंने दावा किया, लोग बहुत तंग हालात में रह रहे हैं। कई इमारतें बिना मंजूरी या अनुमति के बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि भिवंडी में मारे गए लोगों के परिजनों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता मिलेगी। मलबे में फंसे लोगों को खोजने के लिए जहां एक ओर जेसीबी मशीनें कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़ों को हटाने में जुटी थीं, वहीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान टॉर्च की रोशनी में मलबे की बेहद संकरी दरारों के बीच जीवित लोगों की तलाश कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक मृतकों में से पांच लोगों की पहचान शमीम शेख (32), रंजीत सिंह (45), मिराज रसूल शेख (34), संतोष कुमार पांडे (42) और शमीम अंसारी (30) के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की। लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की बी विंग अचानक भरभराकर ढह गई। कोहिनूर अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2007 में हुआ था और इसमें दो अपार्टमेंट थे। प्रत्येक अपार्टमेंट में 15-15, यानी कुल 30 कमरे थे। लेकिन निर्माण कार्य कमजोर होने के कारण शुरुआत से ही यह इमारत खतरनाक हो गई थी, इसलिए नगर निगम ने इसे खतरनाक घोषित कर दिया था। इमारत के एक विंग के भूतल पर कुछ खंभे खराब हो गए थे, जिनकी मरम्मत की जा रही थी।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के भिवंडी में एक इमारत ढहने से हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, महाराष्ट्र के ठाणे में एक इमारत ढहने से लोगों की मौत की खबर से बेहद दुःख हुआ है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए
मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए – भिवंडी में इमारत ढहने की दुर्घटना में कुछ लोगों की मृत्यु होना अत्यंत दुःखद है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मैं उनके परिजनों के दुःख में सहभागी हूँ। इस मामले में तत्काल मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ऐसे निर्देश महानगरपालिका आयुक्तों को दिए गए हैं, ऐसी जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।











